पटना:- भोजपुरी इंडस्ट्री के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव के बारे में सोशल मीडिया पर गाली-गलौज करने वाले मगहिया जवान गौतम कुमार सिंह व समर सिंह को स्थानीय पुलिस ने छत्तीसगढ़ के दुर्ग से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। समर सिंह गुरुआ थाना क्षेत्र के काज पंचायत के करताही गांव का निवासी है, वहीं गौतम कुमार सिंह आमस थाना क्षेत्र के नीमा गांव का निवासी है। दोनों मिलकर मगहिया जवान नामक यू ट्यूब चैनल बनाकर मगही भाषा में कॉमेडी और कथित तौर पर अश्लीलता के विरूद्ध अभियान चलते है।
इसी बीच दोनों ने भोजपुरी के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव को गाली-गलौज करने के साथ बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री व हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के संरक्षक जीतन राम मांझी पर भी अभद्र टिप्पणी की थी। इस घटना को लेकर भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव के मैनेजर विवेक कुमार सिंह 04 मई 2022 को गुरुआ थाने में प्राथमिकी दर्ज किया था।
उसका कांड संख्या 131/22 है। थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि मगहिया जवान गौतम सिंह व समर सिंह पर केस दर्ज होने के बाद पुलिस त्वरित कार्रवाई करते हुए छत्तीसगढ़ के दुर्ग में छुपे होने की संभावना पर छापेमारी की थी, जहां से दोनों युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। इसके बाद न्यायालय के आदेश पर दोनों आरोपित को जेल भेज दिया गया है। इन लोगों पर धारा 504, 506, 294, 34 भादवी के साथ 67 आईटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज है।
पहले से भी गौतम सिंह पर दर्ज है प्राथमिकी
थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया कि करताही गांव के निवासी गौतम कुमार सिंह पर पहले से भी प्राथमिकी दर्ज है। गौतम कुमार सिंह अपनी पत्नी के साथ हमेशा दुर्व्यवहार करता रहता था। इसके कारण उसकी पत्नी ने अपने पति के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करवायी थी। पुलिस गौतम कुमार सिंह की उस मामले में भी तलाश कर रही थी।