Bihar Weather Today: बिहार में मौसम का यू-टर्न… तेज हवा के साथ बढ़ी कनकनी, बारिश का अलर्ट और आसमान में बादलों का डेरा

0 15
Bihar Weather Today: बिहार में मौसम का यू-टर्न… तेज हवा के साथ बढ़ी कनकनी, बारिश का अलर्ट और आसमान में बादलों का डेरा

पटना : बिहार की राजधानी पटना सहित प्रदेश के कई जिलों में मौसम लगातार बदल रहा है। वातावरण में तेज पछुआ हवा का प्रभाव है। कनकनी के साथ अचानक ठंड बढ़ गई है। मौसम में हुए इस बदलाव को ठंड के सेकेंड वेव से जोड़कर देखा जा रहा है। कई इलाकों में मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है। मौसम विभाग ने बताया है कि राज्य के उत्तरी इलाकों में कोहरे का कहर अभी जारी रहेगा। सुबह बिल्कुल धुंध वाली स्थिति बनी रहेगी। वहीं दो दिनों में तापमान में गिरावट दर्ज किये जाने के साथ हल्की बारिश की संभावना भी बनी हुई है। बुधवार को सुबह से राजधानी पटना में बारिश के आसार नजर आ रहे हैं। पूरी तरह ठंड की स्थिति बनी हुई है। आईएमडी और पटना मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से मिले ताजा अपडेट के मुताबिक बिहार में तेज पछुआ हवा का प्रवाह अगले तीन दिनों तक जारी रहेगा। मंगलवार को राजधानी पटना सहित प्रदेश के 20 से ज्यादा जिलों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। राजधानी का न्यूनतम तापमान 15.6 तो अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

आज कैसा रहेगा मौसम

पटना में आज यानी बुधवार एक फरवरी को आसमान में बादल छाये हुए हैं। हालांकि, मौसम साफ है। दोपहर 2 बजे के आसपास दिन का अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहेगा। सुबह लगभग 6 बजे 67% की औसत आर्द्रता है। उच्च सापेक्ष आर्द्रता, जो 36 फीसदी से लेकर अधिकतम 94 फीसदी तक होगी। हवा तेज़ होगी और दोपहर 2 बजे पश्चिम दिशा से 21 किमी/घंटा की गति से चलेगी। राज्य के पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, सिवान, सारण और गोपालगंज में अगले 24 घंटे में हल्की बारिश हो सकती है। अन्य इलाकों में वातावरण पूरी तरह शुष्क रहेगा।

बांका सबसे ठंडा

बिहार के गया जिले का न्यूनतम तापमान मंगलवार को 11.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अन्य जिलों के न्यूनतम तापमान की बात करें, तो भागलपुर सबौर के 12.8 डिग्री सेल्सियस, पटना का न्यूनतम तापमान 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भागलपुर का 15.0 डिग्री सेल्सियस, पूर्णिया का 13.9 डिग्री सेल्सियस, पश्चिम चंपारण ( वाल्मीकि नगर) का 13.9 डिग्री सेल्सियस, मुजफ्फरपुर का 15.7 डिग्री सेल्सियस । सुपौल में 15.6 डिग्री सेल्सियस, अररिया 15.6 डिग्री सेल्सियस, शेखपुरा में 14.4 डिग्री सेल्सियस, जमुई में 14.3 डिग्री सेल्सियस और औरंगाबाद में 14.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। आंकड़े बता रहे हैं कि न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे औसतन 2 डिग्री सेल्सियस की आंशिक वृद्धि लगातार दर्ज की जा रही है।

अधिकतम तापमान

मौसम विभाग की ओर से मंगलवार को देर शाम जारी किये गये आंकड़े कुछ इस प्रकार रहे। अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से 28 डिग्री के बीच रहा। सुपौल में अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। छपरा में अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी पटना का अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अन्य शहरों के अधिकतम तापमान में गया का 26.0, भागलपुर 25.1, पूर्णिया 25.2, मुजफ्फरपुर 25.4, सिवान के जीरादेई में 25.0 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया।

फरवरी के पहले सप्ताह में सावधानी जरूरी

अचानक मौसम में हुए बदलाव को लेकर डॉक्टरों ने लोगों को अलर्ट रहने की बात कही है। पटना के प्रसिद्ध चिकित्सक और प्रसिद्ध आंतरिक चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. वीके ठाकुर ने एनबीटी से बातचीत में कई जानकारी साझा की। उन्होंने मौसम में बदलाव को लेकर लोगों को सावधान रहने की अपील की। उन्होंने सबसे पहले मरीजों को जिनकी दवा चल रही है, उन्हें अपने चिकित्सकों के संपर्क में नियमित रहने की सलाह दी। उन्होंने परेशानी होने पर मरीजों को खुद से फैसला लेकर किसी दवा के सेवन से मना किया। उन्होंने कहा कि हल्की ठंड कम होने के बाद सुबह-शाम सावधान रहे। अच्छे से कपड़े पहले और कान के साथ गले के अलावा चेहरे को ढंक कर रखें। मौसम में इस दौरान जो बदलाव होता है, उसमें लोगों को ठंड लगने की शिकायत होती है। डॉ. वीके ठाकुर ने बताया कि शुगर और बीपी के मरीज ज्यादा सावधानी बरतें। उन्होंने ग्रामीण इलाके के लोगों को सावधान रहने की अपील करते हुए कहा कि बुजुर्गों का ख्याल रखें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.